*सिसवा बाजार में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल; 15 दिन बाद मुकदमा दर्ज!*

News 18 Plus Bureau/Siswa Kothibar

 

महिला अस्पताल के पास हुआ था दर्दनाक हादसा, मौसेरे भाइयों के साथ कपड़ा खरीदने जा रहा था हिमांशु; पिता की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज।

 

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार स्थित महिला अस्पताल के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के करीब 15 दिन बाद मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

 

कपड़ा खरीदने जा रहे थे तीनों युवक

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेखुई, पोस्ट खजुरी बाजार निवासी सुरेंद्र पुत्र रामप्रीत का बेटा हिमांशु अपने मौसी के लड़कों सागर पुत्र रमेश और प्रदीप पुत्र राजेश के साथ 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे बाइक संख्या UP 56 M 4406 से सबया से सिसवा बाजार कपड़ा खरीदने जा रहा था। सागर और प्रदीप सरदार पटेल नगर, वार्ड नंबर 16, सबया, सिसवा बाजार के निवासी बताए गए हैं।

 

महिला अस्पताल के पास पिकअप ने मारी टक्कर

 

बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों युवक सिसवा बाजार स्थित महिला अस्पताल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही पिकअप संख्या UP 56 BT 1930 के अज्ञात चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हिमांशु की मौके पर मौत, दो जिला अस्पताल रेफर

 

हादसे में हिमांशु ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सागर और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

15 दिन बाद पिता ने दी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 

परिजनों के अनुसार, बेटे की असामयिक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में था। परिवार ने धार्मिक क्रिया-कर्म संपन्न करने और सदमे से उबरने के बाद 26 नवंबर 2026 को मृतक के पिता सुरेंद्र ने कोठीभार थाने पहुंचकर घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

 

इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों और आरोपी चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *