*सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, हेलमेट बांटकर किया जागरूक!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

यातायात माह के तहत बागापार में निकली जागरूकता रैली, नगर तिराहे पर हेम फाउंडेशन ने दोपहिया वाहन चालकों को वितरित किए निःशुल्क हेलमेट।

 

महराजगंज। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस, परिवहन विभाग और सामाजिक संस्था के संयुक्त प्रयास से जागरूकता रैली एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, एआरटीओ महराजगंज और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अमरावती देवी पब्लिक स्कूल, बागापार के छात्र-छात्राओं के साथ यातायात जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने का संदेश दिया गया।

 

वहीं, थाना कोतवाली क्षेत्र के नगर तिराहे पर हेम फाउंडेशन की ओर से हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्राधिकारी सदर ने दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट की उपयोगिता बताते हुए समझाया गया कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है।

 

पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। अभियान के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन को सुरक्षित रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *