News 18 Plus Bureau/Bagapar
बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी किशोरी, फंदे से लटका मिला शव; ग्रामीणों ने पुलिस पर तीन घंटे देरी से पहुंचने का लगाया आरोप, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव।
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरगदवा राजा गांव में गुरुवार को 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई। किशोरी की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सिंहाभार, थाना ठूठीबारी क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी (काल्पनिक नाम मनीषा) बरगदवा राजा निवासी प्रद्युम्न राय पुत्र बेचई राय के घर रिश्तेदारी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के समय उसकी बुआ बकरी चराने गई हुई थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बागापार पुलिस चौकी को जानकारी देने की बात कही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब तीन घंटे की देरी से शाम 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।
इस संबंध में बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि किशोरी अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुआ के बकरी चराने जाने के दौरान किशोरी ने कथित तौर पर साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। चौकी प्रभारी के मुताबिक, परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महज 13 वर्ष की उम्र में किशोरी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।