News 18 Plus Bureau/Maharajganj.
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर, भूमि विवादों में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश।
महराजगंज। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को थाना श्यामदेउरवा परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मंडलायुक्त गोरखपुर, पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी महराजगंज और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान अधिकारियों ने थाने पर पहुंचे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर स्थलीय जांच करे और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि विवादों का प्रभावी समाधान हो सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर सुलभ न्याय दिलाना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।