News 18 Plus Bureau/Maharajganj.
शिकायतों के निस्तारण में असंतोष मिलने पर अधिकारियों पर जताई नाराजगी, एसडीएम को जांच कर लापरवाह लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश।
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवा में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह एवं डीआईजी एस. चिनप्पा ने पहुंचकर जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने पूर्व में आयोजित समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति भी जांची। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि सामने आने पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने माधोपुर लखिमा निवासी सुभाष चन्द्र, नटवा जंगल निवासी रामधनी तथा लखिमा निवासी हरी पुत्र गुजूर से दूरभाष पर बातचीत कर शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी। शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर असंतोष व्यक्त किया, जिस पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित भूमि विवादों एवं संवेदनशील समस्याओं की पंजिका तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विवादों की समय रहते पहचान कर संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि छोटे विवाद गंभीर रूप न लें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे।
लखिमा निवासी हरी पुत्र गुजूर के भूमि विवाद में एसडीएम न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं होने पर मंडलायुक्त ने लेखपाल सूरज के प्रति गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम को संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण तलब करने और मामले की जांच कराने का निर्देश दिया। लापरवाही की पुष्टि होने पर कठोर कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा भूमि विवादों के निस्तारण में लापरवाही के मामले में लेखपाल अल्का सिंह एवं विक्की से भी स्पष्टीकरण मांगते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और मौके पर समस्या का वास्तविक समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से भूमि विवादों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, अपर एसडीएम जितेन्द्र सिंह सहित संबंधित थानाध्यक्ष, राजस्व कानूनगो एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।