News 18 Plus Bureau/Mithora
टक्कर इतनी भीषण कि टेंपो के उड़े परखच्चे, दोनों घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया; श्रीराम का दाहिना घुटना टूटा।
महराजगंज। मिठौरा चौक मार्ग पर मोरवन गांव के पश्चिम पुलिया के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिया के पास खड़ी डीसीएम में मिठौरा की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में टेंपो चालक समेत उसमें सवार एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों की पहचान पिपरा सोनाड़ी निवासी श्रीराम गुप्ता (49) पुत्र गोबरी तथा भागवत गुप्ता के करीब 12 वर्षीय पुत्र छोटू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि श्रीराम गुप्ता कबाड़ी का काम करते हैं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पुलिया के उत्तर तरफ नया घर के पास डीसीएम संख्या यूपी 47 टी 0977 खड़ी थी। इसी दौरान मिठौरा की ओर से आ रहा टेंपो संख्या यूपी 56 टी 8344 अनियंत्रित होकर डीसीएम से जा भिड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मिठौरा चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव और कन्हैया वर्मा के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर (मिठौरा) भिजवाया।
बताया गया कि श्रीराम गुप्ता के दाहिने पैर का घुटना टूट गया है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं नाबालिग छोटू के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है। दोनों का उपचार कराया जा रहा है।
इस संबंध में मिठौरा चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।