*साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने लौटाए 59,366 रुपये, चेहरे पर लौटी मुस्कान!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

64,196 रुपये की हुई थी ऑनलाइन ठगी, फरेंदा साइबर सेल की सक्रियता से 59,366 रुपये पीड़ित के खाते में वापस; पुलिस की कार्रवाई पर जताया आभार।

 

 

महराजगंज। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरेंदा थाना क्षेत्र की साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति को 59,366 रुपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के फरेंदा खुर्द निवासी दीपक कुमार मौर्य पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मौर्य के साथ 15 मई 2026 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। जालसाजों ने उनके खाते से कुल 64,196 रुपये की धनराशि निकाल ली थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में फरेंदा साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक और अन्य आवश्यक माध्यमों से कार्रवाई शुरू की। टीम के प्रयास से ठगी गई धनराशि में से 59,366 रुपये होल्ड करा लिए गए।

 

लगातार प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2026 को होल्ड कराई गई पूरी 59,366 रुपये की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।

 

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

 

धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक अतुल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी स्वतंत्रवीर रावत, आरक्षी मनीष कुमार यादव और महिला आरक्षी सोनी पाण्डेय शामिल रहीं।

 

पुलिस ने आमजन से की अपील

 

महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय विवरण और यूपीआई पिन साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *