रिपोर्ट राष्ट्रीय:प्रभारी सोमेंद्र द्विवेदी
प्रयागराज के रहने वाले एक इंजीनियर ने पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। दोनों एक ही कंपनी में इंजीनियर थे। पूरी घटना हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार देर शाम की है। पति-पत्नी के बीच झगड़े के बाद बात हत्या और सुसाइड तक पहुंच गई।
आत्महत्या करने से पहले युवक ने अपने दोस्त को एक वीडियो भी भेजा था। दोस्त ने तुरंत घटना की सूचना सेक्टर-10 पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की टीम सेक्टर-37 स्थित मिलेनियम सिटी सोसाइटी पहुंची। यहां फ्लैट में पुलिस को दोनों के शव मिले।
महिला का शव नीचे ज़मीन मे पड़ा मिला और उसके गले में दुपट्टा बंधा था,जबकि पति का शव फंदे से लटका हुआ था। फॉरेनसिक टीम ने मौके पर बारिकी से जांच की। इस दौरान पता चला कि महिला का गला दुपट्टे से घोंटा गया था।
पुलिस ने जांच की तो मृतकों की पहचान 30 साल के अजय कुमार और 28 साल की स्वीटी शर्मा के रूप में हुई। अजय कुमार यूपी के प्रयागराज के मोती लाल नेहरू रोड और स्वीटी बंगाल के आसनसोल की रहने वाली थी। 3 साल पहले दोनों की अरेंज मैरिज हुई थी। दोनों गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करते थे। स्वीटी का वर्क फ्रॉम होम चल रहा था।
गुरुग्राम के सेक्टर 10-ए थाना क्षेत्र के मिलेनियम सिटी सोसाइटी के टावर-7 के 13वें फ्लोर पर दोनों 2 साल से किराए पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार अजय के दोस्त ने पुलिस को बताया कि उसके पास 5 बजे अजय का वीडियो आया था। वीडियो कॉल पर अजय सुसाइड करने की बात कर रहा था। वीडियो में देख ऐसा लग रहा था जैसे दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हुआ है। दोस्त ने बताया कि पहले भी अजय ने झगड़े की जानकारी उसे दी थी।
पुलिस ने फिलहाल दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सोमवार को परिवार के लोगों के आने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। थाना प्रभारी का कहना है कि दोस्त और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, इसके बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है।