ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
“इलाज के नाम पर खिलवाड़, मातृत्व की कीमत—स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर सवाल”
महराजगंज जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक और दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। शहर के आरोग्यम हॉस्पिटल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, वहीं गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर समुचित इलाज नहीं दिया गया। आरोप है कि न तो विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद थे और न ही आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम। हालत गंभीर होने पर रेफर करने में भी देरी की गई, जिससे जच्चा की जान चली गई।
घटना के बाद अस्पताल का संचालक-डॉक्टर फरार बताया जा रहा है, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। मामले ने एक बार फिर जिले में निजी अस्पतालों की मनमानी और स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही को उजागर कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी जांच की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि इस गंभीर प्रकरण में जिम्मेदारों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है।