ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
जंगल सुरक्षित तो भविष्य सुरक्षित
महराजगंज। आगामी नववर्ष और वर्षांत को देखते हुए वन विभाग ने जिले के जंगलों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी के दौरान जंगलों में अनाधिकृत प्रवेश, अवैध कटान, आगजनी और शिकार जैसी घटनाओं की आशंका को लेकर समस्त रेंज और बीट स्तर के कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों दिनों में जंगलों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक या गैरकानूनी प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह के वन अपराध की सूचना मिलते ही तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में डीएफओ निरंजन सर्वे ने कहा कि नववर्ष के अवसर पर जंगलों में किसी भी प्रकार का मंगल, पिकनिक या उत्सव मनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 1 जनवरी को जंगल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे जंगलों में अवैध गतिविधियों से दूर रहें और वन संपदा व वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें। वन विभाग का उद्देश्य जंगलों और वन्यजीवों को सुरक्षित रखना है, जिसके लिए यह सख्ती जरूरी कदम बताया गया है।