*सोहगीबरवा के जंगल में किशोरी की रहस्यमयी मौत, लकड़ी बिनने गई बालिका का क्षत-विक्षत शव मिला।*

न्यूज रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सोहागीबरवा महराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

जंगल बना मौत का गवाह, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

सोहगीबरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जंगल में लकड़ी बिनने गई 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को जंगल की झाड़ियों के बीच उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहगीबरवा निवासी उमेश चौधरी की पुत्री गुड्डी चौधरी शुक्रवार शाम करीब तीन बजे अपनी बड़ी बहन के साथ जंगल गई थी। इसी दौरान किसी समय गुड्डी बहन से बिछड़ गई और वापस घर नहीं लौटी। बड़ी बहन ने काफी देर तक जंगल में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद वह घर लौट आई और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

परिजनों ने पूरी रात जंगल और आसपास के इलाकों में गुड्डी की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल की झाड़ियों के बीच एक किशोरी का शव देखा, जिसकी सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गुड्डी के रूप में की। शव की हालत देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही सोहगीबरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा है, जंगली जानवरों का हमला या फिर कोई आपराधिक घटना।

 

किशोरी की मौत से गांव में शोक का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *