न्यूज रिपोर्ट /मोहम्मद खलील
सिसवा कोठीभार महराजगंज
कोठीभार (महराजगंज) मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बहू–बेटी सम्मेलन का आयोजन रविवार 11 जनवरी 2026 को थाना कोठीभार क्षेत्र के लोहेपार गांव में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम की ओर से महिला उप निरीक्षक नेहा कुमारी एवं महिला उप निरीक्षक लकी पटेल उपस्थित रहीं। सम्मेलन में गांव की करीब 50 महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल हुईं।
संवाद के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से जुड़े अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और ऐसे अपराधों से निपटने के उपाय बताए। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 112, 1090, 102, 181 तथा साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
सम्मेलन में बालिकाओं के घर से भागने से होने वाली समस्याओं, चुनौतियों और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, विशेष रूप से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसी कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
फीडबैक में महिलाओं ने बताया कि मिशन शक्ति टीम द्वारा गांव में आकर इस तरह की जानकारी देना एक प्रशंसनीय कदम है। इससे उन्हें नए-नए अपराधों की जानकारी मिली और बदलते समय में स्वयं को सुरक्षित रखने के उपाय भी समझ में आए। महिलाओं ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मेलन के माध्यम से गांव में महिलाओं में जागरूकता बढ़ी और उन्होंने अपने अधिकारों के प्रति सजग होने का संकल्प लिया।