महराजगंज में शर्मनाक वारदात: बेटे ने माँ पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम सभा सुकरहर में एक बेटे ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ते हुए अपनी ही माँ पर बर्बर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक ऋषिकेश यादव लंबे समय से घर से बाहर रह रहा था। बुधवार को अचानक घर पहुंचते ही वह किसी बात को लेकर उग्र हो गया और अपनी माँ सलहंता देवी (पत्नी बालकिशुन यादव) पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने लाठी-डंडों के साथ लात-घूंसों से महिला को बुरी तरह पीटा।

 

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को काबू में किया। ग्रामीणों की तत्परता न होती तो घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी। हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं।

 

बताया जा रहा है कि ऋषिकेश अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा है। उसने इस तरह का कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, हालांकि गांव में लंबे समय से पारिवारिक विवाद की चर्चा हो रही है।

 

सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *