रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस, कानून से खिलवाड़ नहीं चलेगा”
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नटवा में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग की टीम ने बिना अनुमति और वैध कागजात के मिट्टी खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक टीपर वाहन को मौके से जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनन अधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम को क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए टीम ने नटवा गांव में छापेमारी की, जहां मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। जांच के दौरान मौके पर मौजूद जेसीबी और टीपर के चालकों से खनन संबंधी अनुमति पत्र, परिवहन प्रपत्र और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद खनन विभाग ने श्यामदेउरवा पुलिस के सहयोग से दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेते हुए थाने लाया, जहां उन्हें सीज कर दिया गया। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में खनन अधिकारी अजीत कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति या नियमों की अनदेखी कर खनन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां एक ओर अवैध खनन माफियाओं में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी।