न्यूज रिपोर्ट/नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
हर पहलू से जांच, सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश!
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब सात बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 40 वर्षीय अज्ञात एवं मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला का शव सड़क किनारे सामुदायिक शौचालय के पास पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद राहगीरों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला के गले में लाल धागा बंधा हुआ था, जिसमें दो चाबियां और एक काला धागा लगा मिला। प्रारंभिक जांच में शव पर कई चोटों के निशान पाए गए। महिला के दाहिने पैर का अंगूठा कटा हुआ था, दाहिने ललाट पर चोट के स्पष्ट निशान थे, जबकि बाएं हाथ पर खरोंचें देखी गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और क्षेत्रों में सूचना भेजी जा रही है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।