*स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, दो अवैध पैथालॉजी पर कार्रवाई एक केंद्र सील, दूसरे पर ताला—इलाके में मचा हड़कंप।*

न्यूज रिपोर्ट /विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज 

पनियरा में अवैध पैथालॉजी पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई।

महराजगंज जनपद के पनियरा नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग ने अवैध पैथालॉजी केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसीएमओ विरेन आर्या के नेतृत्व में गठित टीम ने अचानक छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे केंद्रों की जांच की।

 

जांच के दौरान बड़वार रोड पर संचालित विनायक पैथालॉजी बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित पाई गई। आवश्यक दस्तावेज और मानक पूरे न होने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने ब्लॉक परिसर के समीप स्थित इनाया पैथ केयर कलेक्शन सेंटर की जांच की, जहां भी पंजीकरण से संबंधित कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर विभागीय टीम ने केंद्र पर ताला लगाकर उसकी चाबी अपने साथ ले ली।

 

स्वास्थ्य विभाग की इस अचानक कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कई अन्य पैथालॉजी संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपने-अपने केंद्रों के शटर गिरा दिए।

 

एसीएमओ विरेन आर्या ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना पंजीकरण के पैथालॉजी संचालन करना कानूनन अपराध है। ऐसे केंद्र न सिर्फ सरकारी नियमों की अनदेखी करते हैं, बल्कि मरीजों की सेहत को भी गंभीर खतरे में डालते हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर अवैध केंद्रों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

इस छापेमारी में एसीएमओ के साथ वरिष्ठ सहायक सुनील उपाध्याय, नीतीश वर्मा और सलाहकार आदित्य पाण्डेय भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पनियरा क्षेत्र में अभी भी कई अवैध पैथालॉजी केंद्र संचालित होने की सूचनाएं मिल रही हैं, जिन पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम जनहित में बेहद जरूरी है और इससे मरीजों को सुरक्षित व विश्वसनीय जांच सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *