*पेट्रोल पंप के पास खड़ी बस बनी आग का गोला, बाल-बाल टला बड़ा हादसा।*

न्यूज रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

समय रहते बुझी आग, वरना थर्रा जाता पूरा इलाका

महराजगंज जिले के कोल्हुई कस्बे में शुक्रवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप के समीप खड़ी एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप के कर्मचारी, पास के ढाबों में काम करने वाले लोग और स्थानीय ग्रामीण अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लोगों का कहना है कि यदि आग थोड़ी देर और फैलती, तो पेट्रोल पंप में विस्फोट से बड़ा हादसा हो सकता था।

 

बताया जा रहा है कि जली हुई बस पूर्व ग्राम प्रधान दीनदयाल सिंह के पुत्र प्रमोद सिंह की थी। यह 35 सीटर बस कोल्हुई से सिद्धार्थनगर मार्ग पर संचालित होती थी, जिसकी कीमत करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि देर रात फोन से सूचना मिली कि बस में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने तक बस आग के गोले में तब्दील हो चुकी थी।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग नौतनवा और स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल की गाड़ी करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची, जबकि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची ही नहीं।

 

इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग बुझाने में देर होती, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। फिलहाल इस मामले में थाने पर कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन लोगों ने दमकल और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *