न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
अधिवक्ताओं पर हमले के विरोध में प्रदर्शन!
फरेंदा, महराजगंज। जनपद बाराबंकी में अधिवक्ता के साथ टोलकर्मियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले और जनपद महराजगंज में सम्मानित अधिवक्ता श्री अमलेश कुमार पर दबंग अपराधियों द्वारा किए गए हमले को लेकर अधिवक्ता समाज में भारी रोष व्याप्त है। दोनों ही मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं में गहरा असंतोष है।
इसी क्रम में सोमवार को फरेंदा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी फरेंदा के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि जनपद महराजगंज में अधिवक्ता श्री अमलेश कुमार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई बेहद शिथिल है और अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं जनपद बाराबंकी में अधिवक्ता पर हुए हमले के मामले में भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अधिवक्ताओं ने दोनों घटनाओं को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित अधिवक्ताओं को समुचित क्षतिपूर्ति प्रदान किए जाने की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अधिवक्ताओं की जान, माल और सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता संरक्षण कानून को शीघ्र लागू किए जाने की भी मांग उठाई गई।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।