*महराजगंज में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: जिलाधिकारी ने बूथों पर पढ़ी आलेख्य निर्वाचक नामावली।*

न्यूज रिपोर्ट/विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज 

 

महराजगंज, 18 जनवरी 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को फरेंदा, पनियरा एवं सदर तहसील क्षेत्रों के विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण कर मतदाताओं की उपस्थिति में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन कराया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने अथवा अन्य शिकायत हो तो तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि SIR-2026 के अंतर्गत ड्राफ्ट मतदाता सूची दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जा चुकी है। मतदाता सूची देखने के लिए maharajganj.nic.in पर ELECTION PANEL में जाकर विवरण देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त सूची संबंधित बीएलओ, ईआरओ कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय महराजगंज में भी उपलब्ध है।

 

उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करते हुए बताया कि ceouttarpradesh.nic.in पर EPIC नंबर के माध्यम से तथा वैकल्पिक पोर्टल electoralsearch.eci.gov.in पर भी नाम, बूथ एवं अन्य विवरण देखे जा सकते हैं। दावे एवं आपत्तियों के लिए नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन हेतु फॉर्म-7, संशोधन/स्थान परिवर्तन हेतु फॉर्म-8 तथा एनआरआई मतदाताओं के लिए फॉर्म-6A भरने की व्यवस्था है।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही बूथ पर सुनिश्चित किए जाएं, आवश्यकतानुसार फॉर्म-8 भरवाया जाए, तथा सभी मतदाताओं के फोटो स्पष्ट हों। जिन मतदाताओं के फोटो सूची में उपलब्ध नहीं हैं, उनके फोटो लेकर गणना प्रपत्र को अद्यतन करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी अर्ह मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए और दावे-आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।

 

फरेंदा, पनियरा और सदर में बूथवार स्थिति

फरेंदा स्थित सेठ पूरनमल जयपुरिया जूनियर हाई स्कूल में कुल तीन बूथ (संख्या 228, 229, 230) हैं। बूथ संख्या 228 पर 674, बूथ 229 पर 736 तथा बूथ 230 पर 797 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार यहां ड्राफ्ट रोल में कुल 2207 मतदाता पंजीकृत पाए गए।

 

पनियरा स्थित प्राथमिक विद्यालय सतगुरु में बूथ संख्या 47 पर 784, बूथ 48 पर 684, बूथ 49 पर 583, बूथ 50 पर 834 तथा बूथ 51 पर 713 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां ड्राफ्ट रोल में कुल 3598 मतदाता दर्ज हैं।

 

सदर क्षेत्र के धनेवा धनेई में बूथ संख्या 213 पर 813, 214 पर 896, 215 पर 749, 216 पर 407, 217 पर 558 तथा 218 पर 795 मतदाता पंजीकृत पाए गए। यहां कुल 4330 मतदाता ड्राफ्ट रोल में शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान छूटे एवं नए मतदाताओं द्वारा फॉर्म-06 भरकर बीएलओ के पास जमा किए गए।

 

विशेष अभियान के तहत बैठकें आयोजित

प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का वाचन विशेष अभियान के रूप में 11 जनवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर किया गया। इन बैठकों में बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर्स एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठकों से पूर्व मतदाताओं को सूचना दी गई तथा सूची में पाई जाने वाली त्रुटियों के नियमानुसार संशोधन का आश्वासन दिया गया।

 

निरीक्षण के समय फरेंदा में एसडीएम, पनियरा में अपर एसडीएम एवं तहसीलदार तथा सदर में नायब तहसीलदार देशदीपक तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित मतदाताओं ने सूची में सम्मिलित नामों को लेकर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *