रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जनपद महराजगंज में 22 फरवरी 2026 को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज के सचिव सुनील कुमार नागर ने जिला सूचना अधिकारी को पत्र लिखकर शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का अनुरोध किया है।
पत्र में बताया गया है कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के पत्र संख्या 3674/एस.एल.एस.ए.-168/2025 दिनांक 23 नवंबर 2025 के क्रम में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में उक्त तिथि को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश हैं। इसी क्रम में जनपद महराजगंज में भी माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राजकीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक त्वरित एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना है। इसमें विशेष रूप से निराश्रित वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।
पत्र के अनुसार, आयोजन चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत किया जाएगा। प्रथम चरण में संबंधित विभागों द्वारा लाभार्थियों का चिन्हांकन कर लघु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही दंत, नेत्र एवं सामान्य चिकित्सा जांच की व्यवस्था भी की जाएगी। शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, पम्पलेट एवं समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना प्रसारित की जाएगी। द्वितीय चरण में 22 फरवरी 2026 को सभी विभागों की सहभागिता से मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिला सूचना अधिकारी से अनुरोध किया है कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए समयबद्ध, प्रभावी और व्यापक प्रचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी शिविर का लाभ प्राप्त कर सकें।