*सी-प्लान बना सहारा: भटके दो मासूम बच्चों को ठूठीबारी पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया।*

रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी,महराजगंज।

उत्तर प्रदेश पुलिस का सी-प्लान (कम्युनिटी प्लान) महराजगंज जिले में आमजन के लिए लगातार वरदान साबित हो रहा है। इसी योजना की मदद से बुधवार को ठूठीबारी थाना क्षेत्र में भटके दो मासूम बच्चों को पुलिस ने सकुशल उनके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरगदवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी नरगिस (7 वर्ष) पुत्री अलाउद्दीन और गुलाम सोमानी (5 वर्ष) पुत्र जलालुद्दीन भूलवश घर से निकलकर रास्ता भटक गए। दोनों बच्चे रोते हुए ठूठीबारी थाना क्षेत्र के चन्दन नदी पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गश्त पर तैनात ठूठीबारी पुलिस के सिपाही मनोहर कुमार और मृत्युंजय की नजर रोते हुए बच्चों पर पड़ी।

पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को रोका और उनसे रोने का कारण पूछा। पहले तो बच्चे घबराए हुए थे, लेकिन पुलिस की संवेदनशीलता और अपनत्व भरे व्यवहार से उन्होंने अपना नाम और गांव का पता बताया। बच्चों ने बताया कि वे रास्ता भूल गए हैं और घर नहीं पहुंच पा रहे हैं।

इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी बच्चों को पुलिस बूथ ले आए। वहां सी-प्लान एप के माध्यम से गांव से संबंधित संपर्क नंबर निकाले गए और तत्काल नरायनपुर गांव में सूचना दी गई। कुछ ही समय में बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ दिखाई दी।

पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने ठूठीबारी पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की सी-प्लान योजना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सी-प्लान न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि आपात स्थिति में आमजन, खासकर मासूम बच्चों के लिए भी सुरक्षा कवच बनकर काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *