*स्वर्ण व्यवसायी पर फायरिंग, क्षेत्र में सनसनी स्वर्ण व्यवसाईयों में आक्रोश का माहौल।*

ब्यूरो रिपोर्ट /सुनील कुमार पाठक

सिसवा बाजार महाराजगंज 

 

महराजगंज सिसवा: नगर के बाईपास रोड पर बुधवार देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में स्वर्ण व्यवसायी के पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी सिसवा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिसवा में मीराबाई नगर सब्जी मंडी रोड निवासी गोपाल सोनी के बड़े बेटे गोविंद सोनी (40) बुधवार रात दुकान बंद कर बाइक से बाईपास रोड स्थित एक रेस्टोरेंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली गोविंद सोनी की पीठ को छूती हुई निकल गई। जान बचाने के लिए गोविंद ने बाइक वहीं छोड़ दी और रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, वहीं हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिसवा पुलिस चौकी सहित कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी निचलौल एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कोठीभार धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल का इलाज चल रहा है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *