ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी, महाराजगंज
भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के मंसूबों को नाकाम करते हुए कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र अंतर्गत भरवलिया से लक्ष्मीपुर चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नेपाली युवक को ज़्वार बीज (हाइब्रिड सुडान) की भारी खेप के साथ धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, भरवलिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक नेपाली नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (लु 22 प 8490) को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक से दो बोरियों और दो झोलों में भरे ज़्वार बीज हाइब्रिड सुडान के कुल 30 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग 150 किलोग्राम बताया जा रहा है। यह बीज भारत से नेपाल तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़ा गया युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में उसकी पहचान मुकुन्द प्रसाद यादव पुत्र जितई, निवासी देवगांव, थाना परासी, जनपद नवलपरासी (नेपाल) के रूप में हुई।
इस संबंध में थाना प्रभारी ठूठीबारी नवनीत नागर ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी किसी भी रूप में अक्षम्य है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए अभियुक्त को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु कस्टम कार्यालय ठूठीबारी को सुपुर्द कर दिया गया है।
सीमा पर लगातार बढ़ाई गई निगरानी और चौकसी के चलते तस्करों के हौसले पस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे सीमा सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया है।