ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
14 दरोगा और एक हेड कांस्टेबल का हुआ तबादला, एसपी सोमेंद्र मीना के सख्त प्रशासनिक फैसले
महराजगंज जनपद महराजगंज पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14 उप निरीक्षकों (दरोगा) और एक हेड कांस्टेबल का तबादला कर दिया है। इस फैसले के साथ ही एक बार फिर महकमे में “तबादला एक्सप्रेस” चर्चा का विषय बन गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, कई थानों में लंबे समय से तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके कार्य अनुभव के अनुसार महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, एसपी सोमेंद्र मीना लगातार पुलिस व्यवस्था को चुस्त रखने और जनता में विश्वास बढ़ाने की दिशा में सख्त कदम उठा रहे हैं। इससे पहले भी उनके कार्यकाल में कई बार ऐसे तबादले किए जा चुके हैं, जिनका सीधा असर अपराध नियंत्रण और थाना स्तर की कार्यशैली पर देखने को मिला है।
पुलिस महकमे में इस तबादले के बाद हलचल तेज हो गई है और सभी की निगाहें अब नए तैनात अधिकारियों के कार्य प्रदर्शन पर टिकी हैं।