मनरेगा श्रम बजट 2026–27 पर मंथन, 70.38 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

 

महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रम बजट के संबंध में कार्यदायी संस्थाओं, समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लेबर बजट एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुखों एवं अधिकारियों से वार्ता करते हुए निर्देश दिया कि श्रम बजट हेतु तैयार कार्ययोजना का अनुमोदन क्षेत्र पंचायत की बैठक में अनिवार्य रूप से कराया जाए। सभी ब्लॉक प्रमुखों ने यह पुष्टि की कि उनके द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना एवं लेबर बजट मनरेगा अधिनियम, नियमावली तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप, वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि संबंधित ग्राम पंचायतों की बैठकों में लेबर बजट एवं कार्ययोजना का अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है।

 

बैठक में बताया गया कि जनपद से मनरेगा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 में अनुमानित 70,38,217 मानव दिवस सृजन एवं 29,560.52 लाख रुपये का बजट शासन को प्रेषित किया जा रहा है।

 

जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना ग्राम स्तर पर कार्य की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही तैयार की जाए। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपादित कराने पर जोर दिया तथा नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी।

 

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत सक्रिय मजदूरों की ई–केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त श्रम रोजगार ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 2.86 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 1.51 लाख श्रमिकों का ई–केवाईसी कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *