News 18 Plus/ Bureau Kathmandu
मलद्वार और अंतर्वस्त्र में छिपाकर लाई थीं 2 किलो 348 ग्राम पीले अर्धठोस पदार्थ के आठ टुकड़े, हांगकांग से पहुंचते ही सुरक्षा टीम ने दबोचा।
काठमांडू (नेपाल)। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल पर सोने की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विमानस्थल सुरक्षा टीम ने हांगकांग से पहुंची दो चीनी महिलाओं को 2 किलो 348 ग्राम सोने जैसे पीले अर्धठोस पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों महिलाएं इस पदार्थ को प्लास्टिक में लपेटकर अपने शरीर के बेहद संवेदनशील हिस्सों और अंतर्वस्त्र में छिपाकर लाई थीं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं कैथे पैसिफिक एयरलाइंस की उड़ान से हांगकांग से काठमांडू पहुंची थीं। विमानस्थल पर उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा अधिकारियों ने तलाशी ली। इस दौरान प्लास्टिक में लिपटे आठ गोलाकार अर्धठोस टुकड़े बरामद हुए। जांच में सामने आया कि दोनों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए पदार्थ को अपने शरीर में छिपा रखा था।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान चीन के ग्वांगडोंग निवासी 45 वर्षीय लिन लिना और 35 वर्षीय लिन सिनपिंग के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान लिन लिना के पास से 1,340 ग्राम के पांच टुकड़े, जबकि लिन सिनपिंग के पास से 1,008 ग्राम के तीन टुकड़े बरामद किए गए। इस तरह कुल बरामद पदार्थ का वजन 2 किलो 348 ग्राम बताया गया है।
विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी ढुण्डीराज न्यौपाने के अनुसार, संदिग्ध तरीके से पदार्थ छिपाकर लाने के आरोप में दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें त्रिभुवन विमानस्थल सीमा शुल्क कार्यालय को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
फिलहाल बरामद पीले अर्धठोस पदार्थ की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कथित तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।