News 18 Plus Bureau/Maharajganj.
ग्रामीणों के सामने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी, बोलीं—समस्या हल नहीं हुई तो कंसल्टिंग इंजीनियर और सचिव को ब्लॉक में नहीं रहने दूंगी; लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत से विभाग में मचा हड़कंप।
महराजगंज। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने निकली जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा का सख्त प्रशासनिक रुख सामने आया है। लक्ष्मीपुर विकासखंड की ग्राम सभा जंगल गुलरिहा में औचक निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर देखकर डीपीआरओ ने संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने मौके पर ही सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान उस समय हैरान करने वाला मामला सामने आया, जब डीपीआरओ ने ग्रामीणों से सफाई कर्मचारी के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने आज तक सफाई कर्मचारी को देखा ही नहीं है और उन्हें यह तक नहीं मालूम कि गांव में सफाई की जिम्मेदारी किस कर्मचारी की है। खास बात यह रही कि जिस सफाई कर्मचारी के बारे में ग्रामीण अनभिज्ञता जता रहे थे, वह मौके पर ही मौजूद था। ग्रामीणों की शिकायत और मौके पर मिली अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
जल निकासी की समस्या पर अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान गांव में नाली और जल निकासी की समस्या भी सामने आई। इस पर डीपीआरओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सबसे पहले नाली मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही लेखपाल से समन्वय स्थापित कर जल निकासी का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन, यू-पाइप अथवा सोकपिट चेंबर सहित जो भी तकनीकी व्यवस्था उपयुक्त हो, उसका आकलन कर कार्ययोजना तैयार की जाए।
डीपीआरओ ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि 3 दिसंबर तक हर हाल में समस्या का समाधान चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों के सामने ही कहा कि यदि निर्धारित समय तक समाधान नहीं हुआ तो कंसल्टिंग इंजीनियर और सचिव दोनों को इस ब्लॉक में रहने नहीं दूंगी। उनके इस कड़े तेवर से मौके पर मौजूद जिम्मेदार कर्मचारियों में खलबली मच गई।
सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ और असर गांवों में जमीन पर दिखाई देना चाहिए। सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे नियमित रूप से अपने तैनाती वाले गांवों में उपस्थित रहकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें। सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जंगल गुलरिहा में हुई इस कार्रवाई ने ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के बीच डीपीआरओ की कार्रवाई की चर्चा है। वहीं, सफाई कर्मचारी के निलंबन और अन्य जिम्मेदारों को दी गई समयसीमा को विभागीय स्तर पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
अब 3 दिसंबर की समयसीमा पर टिकी निगाहें
जंगल गुलरिहा में औचक निरीक्षण के दौरान हुई कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निर्धारित समयसीमा तक गांव की नाली और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो पाएगा? साथ ही यह भी देखना होगा कि जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारी किस तरह निगरानी और कार्रवाई करते हैं। फिलहाल डीपीआरओ के औचक निरीक्षण और तत्काल निलंबन की कार्रवाई ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात सफाई कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने का स्पष्ट संदेश दिया है।