ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय सिंदुरिया
उप सम्पादक
महराजगंज/सिन्दुरिया: जनपद के सिन्दुरिया थाना क्षेत्रांतर्गत मिठौरा ब्लॉक गेट के ठीक सामने संचालित एक होटल इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। कहने को तो यह एक साधारण भोजनलाय है जहाँ शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों का बोर्ड लगा है, लेकिन सूत्रों और स्थानीय लोगों की मानें तो इस होटल की दीवारों के पीछे अनैतिक देह व्यापार का काला कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है।
पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा:
स्थानीय लोगों द्वारा की गई पड़ताल में यह तथ्य सामने आया है कि होटल के बाहरी हिस्से में तो ग्राहकों को भोजन परोसा जाता है, लेकिन अंदर के कमरों की कहानी बेहद भयावह है। खुफिया जानकारी के मुताबिक, यहाँ अवैध रूप से देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है, जिससे न केवल क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है बल्कि स्थानीय युवाओं का भविष्य भी अंधकार की ओर जा रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल:
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह अनैतिक कार्य हो रहा है, उसके ठीक सामने मिठौरा पुलिस चौकी है। पुलिस की लगातार गश्त और मौजूदगी के बावजूद इतने बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार का चलना सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और संशय है कि:
1) क्या स्थानीय पुलिस को इस संदिग्ध गतिविधि की भनक तक नहीं है?
2) क्या ‘खाकी’ की चुप्पी के पीछे कोई बड़ी सांठगांठ है?
3) आखिर क्यों ब्लॉक गेट जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर यह धंधा बेखौफ जारी है?
युवाओं के भविष्य पर खतरा:
मिठौरा क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय और पुलिस चौकी के समीप ऐसी गतिविधियों का होना प्रशासन के इकबाल को चुनौती है। यदि समय रहते पुलिस ने इस ‘आशियाने’ पर छापा मारकर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो यह क्षेत्र अपराध का नया अड्डा बन जाएगा।