*पुलिस–एसएसबी ने 150 नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्करों को दबोचा।*

ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/बरगदवा

प्रधान सम्पादक 

 

भारत–नेपाल सीमा पर नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भारत–नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने पहले अभियुक्त रोशन गुप्ता के पास से 90 नशीले इंजेक्शन तथा दूसरे अभियुक्त खालिद कुरैशी के पास से 60 नशीले इंजेक्शन बरामद किए। इस प्रकार कुल 150 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद कर बड़ी तस्करी को नाकाम किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रोशन गुप्ता पुत्र राजेन्द्र गुप्ता, निवासी ग्राम गडौरा, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र, उम्र लगभग 19 वर्ष, तथा खालिद कुरैशी पुत्र मुख्तार कुरैशी, निवासी लोहरौली गांव, उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त भारत–नेपाल सीमा के रास्ते नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त पाए गए, पुलिस ने एक मोटर साइकिल बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद नशीली दवाएं नेपाल से भारत लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना के तहत लाई जा रही थीं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चैन और सीमा पार संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष बरगदवा शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाकर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

 

इस कार्रवाई से जहां नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त व प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *