ब्यूरो /राकेश त्रिपाठी सिसवा कोठीभार
प्रधान सम्पादक
महाराजगंज सिसवा :क्षेत्र अंतर्गत न्याय पंचायत करमही स्थित प्राथमिक विद्यालय कम्हरिया में बुधवार को अधिकारियों के निर्देशानुसार शिक्षा चौपाल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान जोखू यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
चौपाल के दौरान अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ सार्थक संवाद स्थापित हुआ। इस अवसर पर विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, बच्चों की शैक्षिक प्रगति तथा विद्यालयी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक संकुल अजय कुमार ने छात्रों की नियमित उपस्थिति, निपुण आकलन एवं डीबीटी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं शिक्षक संकुल जितेंद्र पांडेय ने बच्चों की बौद्धिक क्षमता विकास हेतु कायाकल्प योजना एवं डिजिटल शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपोजिट विद्यालय गौनरिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रमोद पटेल ने कहा कि छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के परस्पर सहयोग से ही बच्चों की अधिगम क्षमता को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं पठन-पाठन के प्रति सजग रहने की अपील की, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंबरीश दुबे, रतन पांडेय, नीरज कुमार, संकुल शिक्षक शिवेंद्र प्रताप चौरसिया, संग्राम कुशवाहा, माधव कृष्ण, शीला गौतम, मेहरून निशा, अनीता श्रीवास्तव, कंचन सहनी सहित अन्य शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।