*घने कोहरे में मौत से सामना: NH-24 पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, चार की हालत नाजुक।*

ब्यूरो /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज जनपद में घने कोहरे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोरखपुर–सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-24) पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ललाइन पैसिया के पास कम दृश्यता के बीच तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

 

हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद सभी यात्री कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुरंदरपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला।

 

सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे आगे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दे सका। इसी कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया।

 

पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *