*मंडलायुक्त अनिल ढींगरा का कलेक्ट्रेट औचक निरीक्षण, लंबित वादों व राजस्व वसूली पर जताई नाराज़गी।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज, 05 फरवरी 2025, मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल अनिल ढींगरा द्वारा आज कलेक्ट्रेट परिसर, महराजगंज का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं न्यायालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति तथा जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति आदि को लेकर आवश्यक निर्देश दिया।

मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालय में लंबित वादों की स्थिति का अवलोकन करते हुए सर्वाधिक पुराने लंबित वाद को देखा। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त राजस्व न्यायालयों में प्राथमिकता के आधार पर पुराने वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा इसके लिए नियमित एवं प्रभावी सुनवाई की व्यवस्था की जाए, जिससे आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके।

इसके उपरांत मंडलायुक्त महोदय द्वारा सीआरए कार्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने राजस्व वसूली की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा 10 बड़े बकायेदारों की सूची का अवलोकन किया। लंबित वसूली को लेकर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और राजस्व वसूली की गति तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑडिट एवं जीपीएफ से संबंधित पत्रावलियों का निरीक्षण किया गया। पत्रावलियों के अद्यतन न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पटल सहायकों को 15 दिवस के भीतर समस्त पत्रावलियों को अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने इसके बाद नजारत, संयुक्त कार्यालय एवं राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया। संयुक्त कार्यालय में आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की संतुष्टि प्रतिशत को लेकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में आईजीआरएस निस्तारण पर संतुष्ट फीडबैक लगभग 90 प्रतिशत है, जिसमें निरंतर सुधार हो रहा है।

राजस्व अभिलेखागार में उन्होंने पत्रावली बस्ता सूची, खतौनी एवं फसली अभिलेखों का अवलोकन किया। दाखिल दफ्तरों में खतौनी उपलब्ध न होने पर सभी दाखिल दफ्तरों में खतौनी अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, जारी नकल का समुचित रिकॉर्ड बनाए रखने तथा अभिलेखागार में साफ-सफाई एवं रख-रखाव व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट भवन में स्थापित आईसीसीसी में जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों का लाइव हाल देखा। उन्होंने जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे गोशालाओं का बेहतर पर्यवेक्षण होगा और गोवंश के संरक्षण व संवर्धन में सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *