ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी /महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज, 07 फरवरी 2026, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनशिकायतों की सुनवाई की गयी।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष लगभग 39 मामले आये, जिनमें उनके द्वारा मौके पर ही 07 प्रकरणों को जिलाधिकारी महोदय द्वारा मौके पर निस्तारित कर दिया गया। अवशेष जनशिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए समयांतर्गत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने तत्काल निस्तारण के साथ ग्राम पंचायत परसा गिदही, घुघली, में जिला उद्यान अधिकारी, जंगल जरलहा उर्फ अनंतपुर में सहायक अभियंता लघु सिंचाई और ग्राम भैंसा में कानूनगो के नेतृत्व में मौके पर टीम भेजा। इसी प्रकार बलुआपार निवासी त्रिवेणी पुत्र धनराज के खतौनी शुद्धिकरण को भी मौके पर कराया गया। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए और शिकायत का निस्तारण एसओपी के अनुसार सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस के प्रकरण और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी समय और गुणवत्ता का ध्यान रखें। अधिकारी शिकायतों का निस्तारण अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित कराएं। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी स्वयं करें। अधिकारी अंतिम आख्या से पूर्व शिकायतकर्ता से बात अवश्य करें।
जिलाधिकारी ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक प्रभावी तरीके से जनसुनवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि अधिकारी महत्वपूर्ण कार्यों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त व निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता, उपनिदेशक कृषि संजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।