ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
जनपद महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा-परसौनी गांव में मामूली विवाद ने देखते-ही-देखते हिंसक रूप ले लिया। दबंग पड़ोसी ने मर्यादा और कानून को ताक पर रखते हुए पीड़ित के घर में जबरन घुसकर जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि आरोपी ने न सिर्फ घर की चारदीवारी को नुकसान पहुंचाया, बल्कि घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता और बर्बरता की, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में आरोपी का उग्र और हिंसक चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो में दबंग कानून को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम उत्पात मचाता नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला क्षेत्र में चर्चा और कौतूहल का विषय बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद बेहद मामूली बात को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन आरोपी की दबंगई और आक्रामक प्रवृत्ति के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के वक्त महिलाएं और बच्चे घर में मौजूद थे, जिनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से सहमे हुए हैं।
वीडियो वायरल होते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया। कोल्हुई थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव के लोगों में आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी कानून को हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।