ब्यूरो रिपोर्ट/विश्वतेज त्रिपाठी सिसवा कोठीभार
सिसवा बाजार–महाराजगंज सिसवा-घुघली मुख्य मार्ग पर बौरहवा बाबा स्थान के पास रविवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और बेटे को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही जिंदगी खत्म हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही पलों में एक खुशहाल घर मातम में बदल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को चालक सहित कब्जे में ले लिया। दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 55 वर्षीय राजू रौनियार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उनके 30 वर्षीय बेटे हरिश्चंद्र रौनियार को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतक सिसवा नगर के अमरपूरवा मोहल्ले के निवासी थे। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि पिता-पुत्र किसी निजी काम से नहीं, बल्कि घर की खुशियां बांटने निकले थे। आगामी 24 फरवरी को परिवार में बेटी की शादी तय थी और दोनों शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों को संभालना मुश्किल हो गया, वहीं पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा छा गया। स्थानीय लोग भी इस हृदयविदारक हादसे से गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। एक ही हादसे में पिता-पुत्र की मौत ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।