*घने कोहरे में लापरवाही बनी हादसे की वजह, परतावल चौराहे पर बस–डीसीएम की जोरदार टक्कर।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल चौराहे पर देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने यात्रियों में दहशत फैला दी। महराजगंज रोड पर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से तेज रफ्तार यात्री बस जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस गोरखपुर से नेपाल के मदरिया पहाड़ मेले की ओर जा रही थी। उस समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था। यात्रियों का आरोप है कि चालक वाहन चलाते समय लापरवाही बरत रहा था और पानी पीने में व्यस्त था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे खड़ी डीसीएम से टकरा गई।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

 

चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है और उनकी स्थिति अब सामान्य है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

यह हादसा एक बार फिर घने कोहरे में सतर्कता और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *