*महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, चार हजार घरों में छाया अंधेरा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज 

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक लापरवाह ट्रेलर ने बिजली व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। कंचनपुर अस्पताल के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर बिजली के डबल पोल से जा टकराया, जिस पर 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर समेत चार बिजली के पोल धराशायी हो गए और पूरा फीडर ठप हो गया।

 

हादसे के चलते हरपुर तिवारी स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से संचालित 11 केवी जमुनिया फीडर पूरी तरह बंद हो गया। इसका सीधा असर आसपास के इलाकों में देखने को मिला, जहां करीब चार हजार उपभोक्ता घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। अचानक बिजली गुल होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पताल, दुकानें और छोटे उद्योग भी प्रभावित हुए।

 

विद्युत विभाग को इस दुर्घटना से भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। परतावल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता कमलेश कुमार चौधरी की तहरीर पर श्यामदेउरवा पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।

 

हालांकि, विभागीय कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया और महज तीन घंटे के भीतर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी, जिससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *