ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 09 फरवरी 2025 विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया को लेकर आज पूर्वाह्न 10.30 बजे जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ की उपस्थिति की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग करते हुए सुनवाई प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने सुनवाई स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और सुनवाई प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही स्थल से प्रस्थान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनवाई के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं द्वारा आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं, उनकी मैपिंग प्रत्येक दशा में उसी दिन सुनिश्चित की जाए, जिससे अनावश्यक विलंब न हो।
मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सुनवाई स्थलों पर पेयजल, शौचालय एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि जिन स्थानों पर मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक हो, वहां सुनवाई प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए टोकन प्रणाली लागू की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर निर्गत समस्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता बनाए रखते हुए मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण किया जाए, जिससे मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस समीक्षा बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार भी उपस्थित रहे।