*महाशिवरात्रि की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, इटहिया व कटहरा शिव मंदिर में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज, 12 फरवरी 2026 महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर और कटहरा शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग आदि व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिरों पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने की स्थिति में सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेले में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने मेले में लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगाने, मूल्य दर समान रखने, खाने-पीने की वस्तुओं की जांच व निगरानी सुनिश्चित करने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत तार नंगे या नीचे न लटकें तथा विद्युत व्यवस्था में केवल केबल तारों का ही प्रयोग किया जाए, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

 

एसडीएम को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसर में निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंका जाए, बल्कि जैविक खाद के निर्माण हेतु उसका उचित प्रबंधन किया जाए।

 

पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जलाभिषेक को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास समुचित प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी कर्मचारियों की तैनाती परिचय पत्र के साथ करने के निर्देश दिए। कटहरा शिव मंदिर परिसर में दुकानों को सुव्यवस्थित करने एवं नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु खुलवाने को भी कहा गया।

 

उन्होंने निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि के दिन सभी शिव मंदिरों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, मंदिर परिसर और मार्गों को स्वच्छ रखा जाए तथा आवश्यकता अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाए। पेयजल एवं मोबाइल शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

 

निरीक्षण के उपरांत दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

 

इटहिया शिव मंदिर में जिलाधिकारी द्वारा ध्यान केंद्र/वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने कहा कि इससे आध्यात्मिक रुचि रखने वाले लोगों को ध्यान एवं अध्ययन के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

 

इस दौरान एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह, सीओ बलंत सिंह, बीडीओ शमा सिंह सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *