ब्यूरो रिपोर्ट/विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज
महराजगंज, 13 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित निर्माण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम से संचालित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि फेज–II में जेएमसी की कुल 341 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनके माध्यम से 446 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं। इसी प्रकार फेज–में कोया की 205 परियोजनाएं हैं, जिनसे 345 ग्राम पंचायतें तथा रिथविक की 174 परियोजनाएं हैं, जिनसे 302 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं।
जिलाधिकारी ने ट्यूबवेल, ओएचटी, पंप हाउस निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और उन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने जेएमसी को फेज–II के अंतर्गत निर्माणाधीन 200 परियोजनाओं को जून 2026 तक तथा रित्विक–कोया को 171 निर्माणाधीन परियोजनाओं को अगस्त 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ड्रिलिंग, हाइड्रो टेस्टिंग, बाउंड्री वॉल एवं सड़क अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं में शीघ्र नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिन परियोजनाओं में 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सड़क अनुरक्षण कार्यों के सत्यापन हेतु ग्राम स्तरीय समिति गठित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता वाई.पी. सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, एक्सईएन जल निगम आतिफ हुसैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।