ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज, 14 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने देर शाम कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, उद्योग समेत कई विभागों की परियोजनाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
जिलाधिकारी ने बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की ग्रेडिंग कदापि स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए।
पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं की पूर्णता तिथि में आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में परियोजना में विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। अधिशासी अधिकारी ग्रामीण अभियंत्रण को भवन निर्माण कार्यों की प्रगति तेज करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
छात्रवृत्ति योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई कर सुधार लाने के निर्देश दिए। पंचायत सहायकों के माध्यम से फैमिली आईडी बनवाने का निर्देश भी दिया गया।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत इस माह निर्धारित लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजना के अंतर्गत सूर्यघर स्थापित कराने को सुनिश्चित करने को कहा गया।
पीएम कुसुम योजना में खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपनिदेशक कृषि को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया गया।
दुग्ध एवं मत्स्य विभाग को सहकारी समितियों की संख्या तथा उनमें सदस्य संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नवनाथ प्रसाद को 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का रिस्पांस टाइम बेहतर करने के निर्देश दिए और कहा कि जरूरतमंद तक एंबुलेंस समय से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
कन्या सुमंगला योजना के तहत पुनः सत्यापन के लिए प्राप्त आवेदनों का निस्तारण इसी माह करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें। जिन योजनाओं में प्रगति खराब पाई जाएगी, उनमें जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, श्रेया मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।