ब्यूरो रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी निचलौल
प्रधान सम्पादक
निचलौल/महराजगंज। स्थानीय सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय में दिनांक 23 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की रानी लक्ष्मीबाई इकाई द्वारा ग्राम सभा बैदौली की मलिन बस्ती में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेविकाओं ने रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत मलिन बस्ती स्थित बुद्ध मंदिर परिसर की साफ-सफाई भी की गई। रैली के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाकर लोगों को साफ-सफाई अपनाने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता ही स्वास्थ्य का मूल आधार है। यदि हम अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएं, तो अनेक प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने इसे जनजागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. आनंद कुमार मिश्र, मानवेंद्र तिवारी, अमेरिका यादव, रुक्मिणी श्रीवास्तव सहित स्वयंसेविकाएं ज्योति विश्वकर्मा, प्रीति भारती, सत्या सिंह, मुक्ति तिवारी, खुशी पटेल, रेनू यादव, गुलिस्ता खातून आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।