ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी सिसवा
सह संपादक
महराजगंज। सिसवा नगर पालिका परिषद की नियत बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जायसवाल ने की। सभासदों एवं संबंधित अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में नगर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में अमृत पेयजल योजना, नगर विकास योजनाओं तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए 700 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री नगर विकास योजना के तहत सड़कों और नालियों के निर्माण के साथ-साथ नगर सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 1000 लाख रुपये के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।
वहीं राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग कार्य एवं सामुदायिक सुविधाओं के विकास हेतु 1200 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 9400 लाख रुपये की अनुमानित आय एवं 9500 लाख रुपये के अनुमानित व्यय का बजट प्रस्ताव भी पारित किया गया। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में निकाय सीमा क्षेत्र की संपत्तियों के सर्वेक्षण, पुनरीक्षण तथा कर वसूली से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
कुल मिलाकर सड़क, नाली, सीवर, पेयजल एवं नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े लगभग 29 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिलने से नगरवासियों में उत्साह का माहौल है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जायसवाल ने कहा कि स्वीकृत योजनाएं नगर के चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।