ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 08 मार्च 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। आरोग्य मेले में कुल 35 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। अस्पताल में डायरिया से पीड़ित महिला रितु (निवासी पतरपुरवा महदेवा दुबे) भर्ती पाई गईं, जिनका स्वास्थ्य जांच के दौरान संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान पीएचसी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी डॉ. सी.बी. पाण्डेय के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए फटकार लगाई और सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाकर परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान परिसर में स्थित डॉक्टर आवास के जर्जर हालत में होने पर उसे निष्प्रयोज्य घोषित कर गिराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही अस्पताल भवन में लंबे समय से रंग-रोगन न होने पर उसे शीघ्र कराने को भी कहा गया।
कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन प्लांट के लिए बनाए गए भवन के वर्तमान में अनुपयोगी पाए जाने पर उसे साफ-सफाई कराकर उपयोग में लाने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयुष्मान कार्ड की स्थिति तथा दवाओं की एक्सपायरी की भी जांच की।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम शैलेन्द्र कुमार गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, रामप्रभेश सिंह सहित अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।