ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज:जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में महराजगंज पुलिस ने प्रदेश भर में अपनी अलग पहचान कायम कर ली है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी नवीनतम समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) की रैंकिंग में महराजगंज जनपद पुलिस ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। यही नहीं, जनपद के 17 थानों ने भी अपने बेहतर प्रदर्शन के दम पर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और जवाबदेही की सराहना हो रही है।
शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण का दिखा असर
इस उपलब्धि के पीछे पुलिस की सक्रिय कार्यशैली, लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का न केवल निर्धारित समय के भीतर निस्तारण किया गया, बल्कि उनकी गुणवत्ता और पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय किए जाने से शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी हुई।
टीम वर्क की बदौलत मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने इस सफलता का श्रेय पूरे पुलिस महकमे के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान कर उनके विश्वास को मजबूत करना है।
जनता का भरोसा जीतने की दिशा में बड़ा कदम
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि महराजगंज पुलिस आगे भी इसी तरह तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शिकायतों के निस्तारण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
इस उपलब्धि के साथ महराजगंज पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि ईमानदार प्रयास, तकनीक का सही इस्तेमाल और टीम वर्क के दम पर प्रशासनिक व्यवस्था को जनता के लिए अधिक जवाबदेह बनाया जा सकता है।