*डीएम संतोष कुमार शर्मा ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज, 10 मार्च 2026। जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

जिलाधिकारी ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज तथा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज पहुंचकर परीक्षा से संबंधित तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम तथा परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थलों का अवलोकन किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए क्लॉक रूम, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं सुविधाजनक फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी देखी और स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

 

जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को कुल चार पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4560 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि कुल 18,240 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार शर्मा, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री धनंजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *