ब्यूरो रिपोर्ट) नरसिंह उपाध्याय/ महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 10 मार्च 2025। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न लेखा शीर्षकों में प्राप्त बजट तथा उसके सापेक्ष व्यय की अद्यतन प्रगति की जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी से ली गई।
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, ऐसे में शेष बचे दिनों में कार्यों की प्रगति तेज की जाए। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक प्रगति नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से 60 प्रतिशत से कम प्रगति वाली योजनाओं पर फोकस करते हुए उनमें शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति देयकों, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के मृतक कर्मचारियों के लंबित देयकों, परिषदीय कर्मचारियों को स्वीकृत एसीपी की स्थिति तथा पेंशन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
कोर्ट में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी मामले में न्यायालय की अवमानना न हो। समय रहते न्यायालय में सटीक और पूर्ण जवाब प्रस्तुत किया जाए, ताकि विभाग को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पाण्डेय, खण्ड शिक्षा अधिकारीगण तथा शिक्षा विभाग के पटल सहायक उपस्थित रहे।