*जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर महराजगंज में दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, अधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय/महराजगंज 

महराजगंज, 11 मार्च 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी ग्रामीण एवं नगर चार्ज अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा इसकी गोपनीयता और महत्व को हर स्तर पर बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के तहत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आम जनता को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वहीं जनगणना का दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में महराजगंज के लिए नामित जनगणना कार्य निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पाण्डेय एवं जिला प्रभारी जनगणना श्री अम्बिका मौर्या ने जनगणना से जुड़े विभिन्न सत्रों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सीएमएमएस पोर्टल, एचएलवीओ के गठन सहित अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर अधिकारियों को गहन प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने भी विभिन्न सत्रों के माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

 

इस अवसर पर सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ, डीईएसटीओ, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *