*खूनी चौराहे में बदल रहा चिउटहां! स्पीड ब्रेकर की मांग के बावजूद पीडब्ल्यूडी बेखबर, रोज़ हो रहे हादसे।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी सिंदुरिया 

मुख्य सम्पादक 

 

निचलौल–पुरैना और सिंदुरिया–सिसवा मार्ग पर रफ्तार का कहर, पुलिस भी मान रही स्पीड ब्रेकर न होना बड़ी वजह

महराजगंज/सिंदुरिया सिंदुरिया क्षेत्र का चिउटहां चौराहा अब धीरे-धीरे खूनी चौराहे में तब्दील होता जा रहा है। निचलौल से पुरैना रोड और सिंदुरिया से सिसवा मार्ग को जोड़ने वाले इस व्यस्त चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लगभग हर सप्ताह यहां सड़क हादसे हो रहे हैं। सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है कि इस बेहद व्यस्त चौराहे पर आज तक स्पीड ब्रेकर तक नहीं लगाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से इस चौराहे पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई, लेकिन जिम्मेदार विभाग मानो गहरी नींद में सोया हुआ है। नतीजा यह है कि हर कुछ दिनों में किसी न किसी परिवार का चिराग बुझ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर तीन दिशाओं से आने वाले वाहन बिना गति कम किए सीधे निकल जाते हैं, जिससे अचानक टक्कर की घटनाएं हो जाती हैं। तेज रफ्तार बाइक, कार और बोलेरो जैसे वाहन यहां सबसे ज्यादा हादसों का कारण बन रहे हैं।

 

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार समाचार पत्रों में खबरें भी प्रकाशित हो चुकी हैं और स्थानीय लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सड़कों के निर्माण और मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो फिर एक साधारण स्पीड ब्रेकर लगाने में आखिर किसकी कलम रुक जाती है? क्या विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही का खामियाजा अब निर्दोष जनता को भुगतना पड़ रहा है। कभी किसी का भाई, किसी मां,कभी किसी का पति, कभी किसी की पत्नी तो कभी किसी का बेटा सड़क पर बिछ जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी खामोश है।

पुलिस ने भी माना—स्पीड ब्रेकर न होना बड़ी वजह

चिउटहां चौकी इंचार्ज सारिका सिंह ने भी इस चौराहे को दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानते हुए कहा कि यहां स्पीड ब्रेकर का न होना हादसों की बड़ी वजह बन रहा है। उन्होंने बताया कि चौराहे पर तेज रफ्तार वाहन बिना गति कम किए गुजरते हैं, जिससे टक्कर की घटनाएं होती रहती हैं।

चौकी इंचार्ज ने स्पष्ट कहा कि यदि इस चौराहे पर जल्द स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए, तो दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकना मुश्किल होगा।

अब बड़ा सवाल – आखिर कब जागेगा पीडब्ल्यूडी?

लगातार हो रहे हादसों के बाद अब लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कितनी और जानें जाने के बाद विभाग की आंख खुलेगी?

 

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही चिउटहां चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल यह चौराहा हर गुजरने वाले राहगीर के लिए खतरे का संकेत बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *