*तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत, चालक फरार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया

ठूठीबारी महाराजगंज 

 

महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लोहरौली गांव के पास एक अनियंत्रित कार की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार लोहरौली गांव निवासी केदार गौड़ (55 वर्ष) शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अपनी साइकिल से गड़ौरा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से गलत साइड में आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और केदार गौड़ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का जायजा लिया।

 

पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी गई है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *